झारखंड में बुधवार 10 जून से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे, गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है। कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसे देखते हुए अधिकांश जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 11 जून के लिए रांची, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज

समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी, वज्रपात और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं राहत की बात यह है कि झारखंड में मॉनसून की दस्तक अब करीब है। मौसम विभाग के अनुसार 15 से 17 जून के बीच संताल परगना के रास्ते मॉनसून राज्य में प्रवेश कर सकता है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

