हजारीबाग में भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस के अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शहर के पुराना बस स्टैंड के समीप स्थित बिरसा मुंडा चौक पर आयोजित हुआ, जहां पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान झामुमो नेताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए अंग्रेजी शासन के खिलाफ ऐतिहासिक आंदोलन किया था और अपने प्राणों की आहुति दी थी।

झामुमो केंद्रीय सदस्य विकास राणा ने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन साहस, त्याग और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज में समानता और अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए। वहीं जिला प्रवक्ता कुणाल यादव ने कहा कि बिरसा मुंडा का आंदोलन आज भी प्रासंगिक है और झारखंड की पहचान व अस्मिता को मजबूत करने में उनका योगदान अमूल्य है। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा उनके आदर्शों पर चलने का कार्य करती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान मौजूद सभी कार्यकर्ताओं ने बिरसा मुंडा के संघर्षमय जीवन को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

