हजारीबाग में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देश पर जिले में शराब के अवैध निर्माण, भंडारण और परिवहन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देशन में कोर्रा थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर सुबह करीब 4 बजकर 30 मिनट पर सिंदूर चौक के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी एर्टिगा को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। टीम ने वाहन का पीछा किया, जिसके बाद चालक कटकमदाग थाना क्षेत्र के सालगांव स्थित हाई स्कूल के पास वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। इसके बाद जब वाहन की तलाशी ली गई

तो उसमें भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में लंदन ब्रेवरेज की ‘George William’ ब्रांड की 180 एमएल की कुल 475.2 लीटर शराब शामिल है, जो 55 कार्टन में पैक थी। इसके अलावा ‘Royal Green’ ब्रांड की 375 एमएल की 6 बोतलें भी जब्त की गईं। उत्पाद विभाग ने पूरी शराब खेप और वाहन को जब्त कर लिया है। साथ ही मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। छापेमारी दल में उत्पाद विभाग के अधिकारी और सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे। विभाग ने साफ किया है कि अवैध शराब कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
