हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत हजारीबाग रोड स्थित करसो पुल के पास मंगलवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हजारीबाग शहर के ओकनी स्थित पैगोडा चौक न्यू एरिया निवासी विक्की सोनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, विक्की सोनी अपने एक साथी के साथ कार से हजारीबाग से कोडरमा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान करसो पुल के पास उनकी गाड़ी का टायर फट गया। दोनों सड़क किनारे टायर बदल रहे थे,

तभी ब्लैक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और विक्की सोनी पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद उनके साथी ने बरही चौक पर रात्रि गश्ती में तैनात पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल बरही ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त कोडरमा से केदारनाथ यात्रा पर जाने वाले थे। घटना के बाद बरही थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

