हजारीबाग जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त हेमंत सती के निर्देश पर विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के चटकरी (उपर टोला) गांव में संचालित अवैध महुआ चुलाई शराब निर्माण स्थलों पर छापेमारी की गई।
सहायक आयुक्त उत्पाद के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान विभिन्न घरों में संचालित 5 जलती हुई अवैध शराब भट्ठियों का भंडाफोड़ किया गया। छापेमारी में लगभग 4000 किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट किया गया, जो शराब निर्माण के लिए तैयार किया गया था। इसके अलावा शराब बनाने में उपयोग किए जा रहे बर्तन और अन्य सामग्री भी नष्ट कर दी गई।

कार्रवाई के दौरान 135 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई। विभाग ने मामले में संलिप्त लोगों की पहचान शुरू कर दी है और उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

