कटकमदाग प्रखंड के पसई गांव में राजेश साव की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय नहीं मिलने से ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। घटना के करीब दो महीने बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि राजेश साव की मौत एक सुनियोजित साजिश

का परिणाम है, लेकिन नामजद आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मृतक की पत्नी ने कहा कि उनका परिवार पिछले दो महीनों से न्याय की उम्मीद में अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है, लेकिन केवल आश्वासन ही मिल रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निष्पक्ष जांच कर दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।

