हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में आयोजित होने वाले सांसद खेल महोत्सव-2026 और नमो फुटबॉल टूर्नामेंट को इस वर्ष और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित बनाने का संकल्प लिया गया है। हुड़हुडू स्थित फुडीज कैफे सभागार में आयोजित बैठक में सांसद मनीष जायसवाल, सांसद प्रतिनिधियों, रेफरियों और खेल प्रेमियों ने भाग लिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि लोकसभा क्षेत्र के सभी 22 प्रखंडों में एक सप्ताह के भीतर मुकाबले शुरू कर महज पंद्रह दिनों में टूर्नामेंट संपन्न कराया जाएगा। खिलाड़ियों को इस बार पारंपरिक पोटली की जगह आकर्षक किट बैग के साथ 15 सेट वर्ल्ड क्लास जर्सी उपलब्ध कराई जाएगी। फुटबॉल के साथ अन्य स्थानीय खेलों को भी आयोजन में शामिल करने की योजना बनाई गई है।

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि यह सिर्फ हजारीबाग ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड का सबसे बड़ा खेल आयोजन है, जिसमें पिछले वर्ष 1500 टीमों के 25 हजार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशाखोरी और अपराध से दूर रखकर सकारात्मक दिशा प्रदान करता है।

