दिल्ली के मालवीय नगर में हुए दर्दनाक होटल अग्निकांड के बाद अब प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। हादसे में 21 लोगों की मौत के बाद सरकार ने अवैध निर्माण और फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी करने वाली इमारतों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। मालवीय नगर, साकेत और हौज रानी समेत दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों में सीलिंग और बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन उन इमारतों को निशाने पर ले रहा है, जहां लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन किया गया है या फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं किया गया। भारी

पुलिस बल की मौजूदगी में कई दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सील किया गया, जबकि अवैध निर्माणों को गिराने की कार्रवाई भी शुरू की गई है। प्रशासन का कहना है कि लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वाली किसी भी इमारत को बख्शा नहीं जाएगा। मालवीय नगर अग्निकांड के बाद शुरू हुई यह कार्रवाई अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और आने वाले दिनों में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहने के संकेत हैं।

