नोएडा के सेक्टर-52 से बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक बिल्डिंग में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर रेस्टोरेंट और ऊपरी मंजिलों पर पीजी संचालित किया जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट में रखे फ्रिज का कंप्रेसर फटने के बाद आग भड़क गई। देखते ही देखते धुएं का गुबार और आग की लपटें पूरे इलाके में फैल गईं, जिससे लोगों में हड़कंप मच गया। आग लगने के समय बिल्डिंग के अंदर करीब 15 लोग मौजूद थे। सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम दमकल गाड़ियों के साथ मौके

पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। फायर कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिल्डिंग में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। स्थानीय लोगों ने भी आग लगने के बाद आसपास के लोगों को सतर्क किया और शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। फिलहाल दमकल विभाग आग पर काबू पाने और घटना के कारणों की जांच में जुटा हुआ है। वहीं एहतियात के तौर पर पुलिस बल भी मौके पर तैनात है। समय रहते किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।

