विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हजारीबाग स्थित अन्नदा महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना यानी एनएसएस इकाई द्वारा छठ तालाब परिसर में स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और युवाओं की सहभागिता बढ़ाना था। इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने छठ तालाब परिसर की साफ-सफाई की और आसपास फैले कचरे का निष्पादन किया।

इसके बाद विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया। स्वयंसेवकों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. कृष्णा यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। वहीं भौतिकी विभाग के लैब टेक्नीशियन अमित कुमार ने भी छात्रों को स्वच्छता और वृक्षारोपण के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

