गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र स्थित न्यू बरगंडा वार्ड संख्या-10 में बुधवार सुबह एक तीन मंजिला मकान की छत पर लगे सोलर सिस्टम में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोलर सिस्टम की लीथियम बैट्री में जोरदार धमाका होने के बाद आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि गृहस्वामी प्रदीप कुमार ने कुछ दिन पहले ही अपनी छत पर सोलर पैनल और लीथियम बैट्री आधारित सिस्टम लगवाया था। सुबह अचानक बैट्री में विस्फोट हुआ और छत से

धुआं उठने लगा। धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है। राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, हालांकि बैट्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।

