रांची के नगड़ी मौजा में प्रस्तावित रिम्स-2 परियोजना को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। प्रशासन की मौजूदगी में परियोजना के लिए चिन्हित भूमि पर जेसीबी मशीन से आउटर कटिंग और बाउंड्री निर्माण का कार्य शुरू किया गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। कांके अंचल अधिकारी अमित भगत, बरियातू थाना प्रभारी प्रकाश

रजक और कांके थाना प्रभारी कुणाल कुमार ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि विरोध के बीच भी निर्माण कार्य जारी रहा। ग्रामीणों का कहना है कि यह उनकी उपजाऊ कृषि भूमि है, जो उनकी आजीविका का मुख्य आधार है। उनका आरोप है कि परियोजना के कारण वे खेती-बाड़ी से वंचित हो जाएंगे। वहीं प्रशासन का कहना है कि रिम्स-2 राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण लेकिन तनावपूर्ण बनी हुई है।

