पाकुड़ जिले की झिकरहट्टी पूर्वी पंचायत ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर पूरे जिले और झारखंड का मान बढ़ाया है। महिला सशक्तिकरण, समावेशी विकास और सुशासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए पंचायत को देशभर में ‘महिला हितैषी पंचायत’ श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार समारोह में केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. बघेल ने पंचायत को सम्मानित किया।

यह सम्मान जिला परिषद अध्यक्ष ख्रिष्टमुनि हेम्ब्रम, उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल, जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार भगत, जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू, मुखिया नरगिसा सुल्तान और पंचायत सचिव मो. मुस्तकिर ने ग्रहण किया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे पाकुड़ जिले के लिए गर्व की बात है और अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

