गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड स्थित जलीय सूर्य मंदिर तालाब से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। सोमवार सुबह तालाब की सतह पर सैकड़ों मृत मछलियां, सांप, मेंढक और अन्य जलीय जीव तैरते हुए पाए गए। कुछ पक्षियों के भी मृत मिलने की सूचना है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में जलीय जीवों की मौत किसी गंभीर प्रदूषण, जहरीले पदार्थ के प्रभाव या पानी में ऑक्सीजन की कमी की

ओर संकेत कर सकती है। घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। लोगों ने तालाब के पानी और मृत जीवों के नमूनों की वैज्ञानिक जांच कराने, घटना के कारणों का पता लगाने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही मृत जीवों को जल्द हटाकर तालाब की सफाई कराने की भी अपील की गई है, ताकि किसी प्रकार की बीमारी या महामारी फैलने का खतरा न रहे।

