हजारीबाग जिले के सिलवार खुर्द पंचायत स्थित प्रखंड स्तरीय स्टेडियम में गुरुवार को क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। सिलवार क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी, अभिभावक और ग्रामीण उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह में मुन्ना सिंह ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता में बेहतर

प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को निखारने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उचित मार्गदर्शन और सुविधाएं मिलने पर ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी भी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। साथ ही युवाओं से नशा और सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की।

