कोडरमा के चंदवारा स्थित डिग्री कॉलेज बरही-चंदवारा में बुधवार को “इक्विटी-सेंटर्ड हायर एजुकेशन : इंटीग्रेटेड भारतीय ज्ञान परंपरा एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस” विषय पर फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद की तस्वीर पर माल्यार्पण और मंगलाचरण के साथ हुई। प्राचार्य डॉ. जयप्रकाश आनंद ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का समन्वय शिक्षा को अधिक समावेशी और गुणवत्तापूर्ण बनाएगा।

मुख्य अतिथि आईयूसीटीई-बीएचयू के प्रोफेसर डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि भारत ज्ञान की साधना की भूमि है और एआई को एक प्रभावी शैक्षणिक साधन के रूप में अपनाया जाना चाहिए। वहीं, डॉ. सुनील कुमार त्रिपाठी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, समावेशी शिक्षा और शिक्षण कौशल विकास पर जोर दिया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न बीएड, विधि एवं संबद्ध कॉलेजों के शिक्षकों ने भाग लिया और तकनीकी सत्र में विशेषज्ञों से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

