श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग द्वारा संचालित दत्तोपंत ठेंगरी रोजगार सह कौशल विकास मेला का आयोजन बुधवार को आईटीआई परिसर, सिंदूर, हजारीबाग में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के उपरांत उपायुक्त ने रोजगार मेला परिसर में लगाए गए विभिन्न कंपनियों एवं संस्थानों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा प्रतिनिधियों से उपलब्ध रोजगार एवं प्रशिक्षण अवसरों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने रोजगार की तलाश में आए युवक-युवतियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवतियों की भागीदारी देखकर अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। यह महिलाओं की बढ़ती जागरूकता एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि देश में रोजगार के अवसरों की कमी नहीं है, बल्कि आवश्यकता योग्य एवं कुशल मानव संसाधन की है। आज विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं की मांग निरंतर बढ़ रही है। उन्होंने युवाओं को प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन, एएनएम, जीएनएम, कुक,

तकनीकी सेवाएं एवं अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार संभावनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के व्यापक अवसर मौजूद हैं। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा युवाओं को रोजगारपरक एवं कौशल आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में विशेष पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि लगभग 10 हजार युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में निःशुल्क रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है, जिससे युवाओं की दक्षता बढ़ेगी और उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़ें, अपनी क्षमता का विकास करें तथा ऐसे रोजगार मेलों में नियमित रूप से भाग लें। उन्होंने उपस्थित युवाओं से अपने पंजीकरण कराने एवं अन्य युवाओं को भी रोजगार एवं कौशल विकास मेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न कंपनियों द्वारा चयनित कई युवक-युवतियों को ऑफर लेटर भी प्रदान किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, जिला नियोजन पदाधिकारी श्री अवधेश कुमार,श्रम, नियोजन एवं कौशल विकास विभाग के पदाधिकारी, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में रोजगार के इच्छुक युवक-युवतियां उपस्थित थे।

