उपायुक्त श्री हेमन्त सती की अध्यक्षता में नगर निगम से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में जलजमाव, साफ-सफाई, होल्डिंग टैक्स वसूली, पेयजल आपूर्ति और अतिक्रमण जैसी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने लाखे मजार के समीप जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए टाउन प्लानर को पीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिना जल निकासी, बिजली और भूमि

संबंधी आवश्यक विवरण के किसी भी भवन का नक्शा स्वीकृत नहीं किया जाए। होल्डिंग टैक्स वसूली की समीक्षा करते हुए टैक्स संग्रहण में तेजी लाने और शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने, कचरा निस्तारण में सुधार लाने तथा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और शहरी पेयजल योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को नियमित अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के निर्देश भी दिए।

