रांची प्रेस क्लब में कांग्रेस के मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग की ओर से एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में मीडिया टैलेंट हंट के माध्यम से नियुक्त प्रदेश प्रवक्ताओं, मीडिया पैनलिस्टों और कम्युनिकेशन विभाग के सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रभावी संवाद, सशक्त मीडिया प्रबंधन, जनसंपर्क कौशल और नेतृत्व विकास के गुर सिखाना था।

प्रशिक्षण शिविर में झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह राजपूत, प्रदेश सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी, मंत्री दीपिका सिंह पांडेय, वरिष्ठ पत्रकार एवं पद्मश्री सम्मानित बलवीर दत्ता समेत कई वरिष्ठ नेता और विशेषज्ञ मौजूद रहे। इस अवसर पर कांग्रेस नेता एवं प्रदेश प्रवक्ता साजिद अली खान ने वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर आभार जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व द्वारा आयोजित मीडिया टैलेंट हंट जैसे कार्यक्रमों की बदौलत ही एक साधारण कार्यकर्ता को प्रदेश प्रवक्ता जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिला है। उन्होंने कार्यक्रम को बेहद सफल और प्रेरणादायक बताया।

