हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड अंतर्गत बादम में प्रस्तावित एनटीपीसी की एमडीओ कंपनी बीजीआर के अधिकारियों और कर्मचारियों को ग्रामीणों के तीव्र विरोध का सामना करना पड़ा। अंबाजीत गांव के समीप स्थित कंपनी के अस्थायी कार्यालय पहुंचे अधिकारियों को गोंदलपुरा समेत आसपास के कई गांवों के लोगों ने घंटों घेरकर अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन उनकी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने मांग की कि प्रशासन, पुलिस, कंपनी प्रबंधन और प्रभावित ग्रामीणों की मौजूदगी में

त्रिपक्षीय वार्ता होने तक कंपनी के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को क्षेत्र में प्रवेश नहीं करना चाहिए। सूचना मिलने पर बड़कागांव पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराई। बातचीत के दौरान कंपनी प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि त्रिपक्षीय बैठक होने तक वे क्षेत्र में कोई गतिविधि नहीं चलाएंगे और न ही प्रवेश करेंगे। कंपनी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अधिकारियों को जाने दिया। फिलहाल क्षेत्र में इस विवाद को लेकर चर्चाएं तेज हैं और सभी की निगाहें प्रस्तावित त्रिपक्षीय वार्ता पर टिकी हैं, जिससे समाधान निकलने की उम्मीद जताई जा रही है।

