उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। बन्नादेवी थाना क्षेत्र में मंगल बाजार घूमने आए एक युवक और युवती के साथ सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि युवती अपने मित्र के साथ बाजार आई थी। इसी दौरान उसके परिजन मौके पर पहुंच गए। दोनों को साथ देखकर परिजन नाराज़ हो गए और युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में कुछ लोग युवक को बेल्ट से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना

हुआ है। जानकारी के मुताबिक, जब युवती ने युवक को बचाने की कोशिश की तो उसके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
