जामुड़िया थाना के केंदा फाड़ी क्षेत्र स्थित दरबाडांगा अजय नदी घाट पर मंगलवार को बालू खनन कार्य शुरू होते ही भाजपा समर्थित ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर काम बंद करा दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि खनन कार्य में तृणमूल कांग्रेस समर्थित लोगों की मशीनों और संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। विरोध के चलते खनन कार्य ठप हो गया और मशीनें व ट्रक घाट पर खड़े रहे। बाद में खाली लौट रहे ट्रकों को भी भाजपा समर्थकों ने चिचुड़िया डंगालपाड़ा क्षेत्र में रोककर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर केंदा फाड़ी पुलिस और अर्द्धसैनिक बल मौके पर पहुंचे तथा

स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान भाजपा जामुड़िया मंडल-2 के अध्यक्ष राहुल बाउरी ने हस्तक्षेप कर ट्रकों को रवाना कराया। वहीं आरएन कॉलोनी मोड़ पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष गौतम मंडल और कुछ समर्थकों के बीच विवाद होने से तनाव बढ़ गया। दोनों गुटों के समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित करने के लिए अर्द्धसैनिक बल को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। बाद में दोनों पक्ष केंदा फाड़ी पहुंचे, जहां पुलिस की तत्परता से मामला शांत कराया गया। घटना के संबंध में दोनों पक्षों ने केंदा फाड़ी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

