पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सेना ने आतंकियों के खिलाफ बड़ा सैन्य अभियान चलाते हुए 17 आतंकवादियों को मार गिराया है। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा आईएसपीआर के अनुसार यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर मस्तुंग, नुश्की, केच और खुजदार जिलों में की गई। सेना ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान कई अन्य आतंकी घायल भी हुए, हालांकि वे मौके से भागने में सफल रहे। फरार आतंकियों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन जारी है।

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने आतंकियों के ठिकानों से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया है। सेना का दावा है कि मारे गए आतंकी बलूचिस्तान में कई आतंकी गतिविधियों में शामिल थे। गौरतलब है कि पाकिस्तान लंबे समय से आतंकवाद की समस्या से जूझ रहा है। आए दिन होने वाले आतंकी हमलों में आम नागरिकों के साथ-साथ सेना और पुलिसकर्मी भी निशाना बनते हैं। इसी के चलते सुरक्षा बल लगातार आतंकियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं।

