राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों के लिए मौसम को लेकर राहत भरी खबर है। जून महीने की शुरुआत भले ही सूखी रही हो, लेकिन अब मौसम करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आज 3 जून से 6 जून के बीच दिल्ली-एनसीआर में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि 4 और 5 जून को मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहेगा। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की

संभावना है। साथ ही तेज हवाएं और धूलभरी आंधी भी चल सकती है। बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार जताए गए हैं। अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। फिलहाल दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अगले कुछ दिनों तक सुहाने मौसम का इंतजार है।

