उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर दौरे के दौरान बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि फाजिल नगर का नाम बदलकर अब पावागढ़ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक की मांग को स्वीकार कर लिया गया है और अब इस क्षेत्र की पहचान नए नाम से होगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे प्रदेश से माफिया का सफाया हुआ है, वैसे ही इंसेफेलाइटिस पर भी प्रभावी नियंत्रण पाया गया है।

उन्होंने दावा किया कि पहले प्रदेश अपराध, दंगों और अव्यवस्थाओं से जूझ रहा था, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 424 करोड़ रुपये की लागत वाली 278 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। उन्होंने बताया कि कुशीनगर में मेडिकल कॉलेज शुरू हो चुका है और जल्द ही कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का संचालन भी प्रारंभ होगा। साथ ही आवास, शौचालय और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

