माहवारी स्वच्छता दिवस पर जिलेभर में जागरूकता अभियान शुरू |

माहवारी स्वच्छता दिवस पर जिलेभर में जागरूकता अभियान शुरू |

स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर जिला जल एवं स्वच्छता समिति द्वारा 28 मई 2026 से 04 जून 2026 तक जिलेभर में वृहद जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान के माध्यम से माहवारी से जुड़े मिथकों एवं सामाजिक वर्जनाओं को समाप्त कर महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।‌अभियान की थीम समानता एवं सुरक्षित निपटान” रखी गई है, जिसका उद्देश्य माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के महत्वपूर्ण पहलुओं को लोगों तक पहुंचाना है। अभियान के तहत माहवारी को लेकर खुलकर संवाद स्थापित करने, सुरक्षित स्वच्छता व्यवहार अपनाने तथा उपयोग किए गए स्वच्छता उत्पादों के सुरक्षित निपटान के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है।

अभियान के दौरान एक प्रेरणादायी संदेश भी लोगों के बीच साझा किया जा रहा है “ना हंसो मुझ पर कि जब मैं इस दर्द से छटपटाती हूं, क्योंकि इसी माहवारी के बदौलत मैं तुम्हें भ्रूण से इंसान बनाती हूं।” यह संदेश समाज में माहवारी को लेकर संवेदनशीलता, सम्मान और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास है। जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों एवं गांवों में मास्टर जलसहिया, जलसहिया दीदी, आंगनबाड़ी सेविकाएं, स्वास्थ्य सहियाएं, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों के सहयोग से विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के अंतर्गत स्वच्छता रैली, मानव श्रृंखला, चित्रांकन प्रतियोगिता, रेड डॉट चैलेंज, भस्मक (इंसिनरेटर) के उपयोग का प्रदर्शन, व्यक्तिगत शौचालयों के नियमित उपयोग एवं महिलाओं के लिए सुरक्षित शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *