केरेडारी-टंडवा क्षेत्र में कोयला ट्रांसपोर्टिंग एक बार फिर बड़े हादसे की वजह बन गई। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे चुदरू मंदिर के पास नकाश कोल कंपनी के एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा ने सामने से आ रही टाटा नेक्सन कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार पांच लोग बाल-बाल बच गए, लेकिन पूजा पंडित की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें चेहरे और शरीर में अंदरूनी गंभीर चोटें आई हैं। अन्य घायलों में अरुण पंडित, अरविंद कुमार और दो बच्चे शामिल हैं, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं और

प्राथमिक इलाज के लिए टंडवा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने सूर्य मंदिर के पास सड़क जाम कर दिया। लोगों की मांग है कि घायलों का पूरा इलाज कंपनी द्वारा कराया जाए और भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाई जाए। स्थानीय लोग कोल कंपनियों पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

