जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं लोगों की समस्याएं, संबंधित विभागों को दिए निष्पादन के आवश्यक निर्देश हजारीबाग: उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने मंगलवार को समाहरणालय भवन स्थित कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन उपायुक्त को सौंपे। जनता दरबार में भूमि एवं राजस्व, म्यूटेशन, पेंशन, राशन कार्ड, आवास, पारिवारिक विवाद, सरकारी योजनाओं के लाभ से संबंधित शिकायतें, मुआवजा भुगतान, रोजगार, अतिक्रमण तथा सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मामले प्रमुख रूप से प्राप्त हुए। उपायुक्त ने आवेदकों की

समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करें। जनता दरबार में प्राप्त विभिन्न आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को आवेदनों की जांचोपरांत शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

