हजारीबाग के चर्चित इचाक मोड़ ब्लैक स्पॉट पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त हेमंत सती ने जिला परिवहन पदाधिकारी और मोटर यान निरीक्षक के साथ संयुक्त निरीक्षण कर दुर्घटनाओं के कारणों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मुख्य सड़क किनारे लगने वाली फल-सब्जी की दुकानें और अव्यवस्थित ऑटो संचालन यातायात बाधित कर रहे हैं, जिससे हादसों की आशंका बढ़ रही है। इसके बाद

उपायुक्त ने सड़क किनारे से सभी दुकानों और ऑटो को तत्काल हटाने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को फल एवं सब्जी विक्रेताओं को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने और ऑटो चालकों के लिए निर्धारित स्टैंड की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और आम नागरिकों की जान-माल की रक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इचाक मोड़ पर दुर्घटनाएं रोकने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे

