हिमाचल प्रदेश से बड़ी खबर सामने आई है। करीब दो साल के लंबे इंतजार के बाद ऐतिहासिक पठानकोट-जोगिंदरनगर रेल सेवा एक बार फिर पटरी पर लौट आई है। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कांगड़ा रेलवे स्टेशन से इस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज भी मौजूद रहे। बता दें कि वर्ष 2022 में आई बाढ़ के दौरान चक्की पुल बह जाने के कारण यह रेल सेवा बंद हो गई थी। इसके बाद लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक पुल का निर्माण किया गया, जिसके पूरा होने के बाद अब ट्रेन सेवा को फिर से बहाल

कर दिया गया है। शुभारंभ के दौरान सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में रेल नेटवर्क के विस्तार के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने रेल विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। इस रेल सेवा के दोबारा शुरू होने से कांगड़ा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। लंबे समय से बंद इस ऐतिहासिक रेल मार्ग के फिर से चालू होने पर स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।

