रानीगंज के बांसरा क्षेत्र में सी.एम. माइनिंग कंपनी के खिलाफ सोमवार को स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। विभिन्न मांगों को लेकर बड़ी संख्या में लोगों ने खदान परिसर के बाहर एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया तथा विरोध स्वरूप कोयला उत्पादन पूरी तरह बंद करा दिया। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि खनन गतिविधियों के कारण क्षेत्र में कई गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि धूल प्रदूषण, परिवहन संबंधी अव्यवस्था तथा अन्य जनसमस्याओं को लेकर कई बार कंपनी और संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। इसी के विरोध में ग्रामीणों ने खदान परिसर के समक्ष धरना-प्रदर्शन

शुरू कर दिया और उत्पादन कार्य बंद करा दिया। आंदोलन के कारण खदान का सामान्य कामकाज पूरी तरह प्रभावित हुआ तथा कई घंटों तक कोयला उत्पादन ठप रहा।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों को तैनात किया गया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि आंदोलनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जाता और उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इसको लेकर पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

