आंध्र प्रदेश से वाराणसी जा रही एक टूरिस्ट बस रविवार की अहले सुबह करीब 3:30 बजे मोहनिया स्थित समेकित चेकपोस्ट के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बस पर सवार छह यात्री घायल हो गए। घटना के बाद एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल मोहनिया पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। इनमें से दो घायलों को सीटी स्कैन के लिए सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान अवाला सुरमा,कटारी मोहिनी,कटारी चेम्मा चेलम,कुर्ला कोटा,चेन्ना राव और मोगिली सुबैया के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि बस में कुल 40 यात्री सवार थे, जो आंध्र प्रदेश से वाराणसी की यात्रा पर निकले थे। घायल यात्री चेन्ना राव ने बताया कि सभी यात्री आंध्र प्रदेश से वाराणसी जा रहे थे। मोहनिया के समीप समेकित चेकपोस्ट के पास पहुंचते ही बस अचानक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री घबरा गए। दुर्घटना में छह लोगों को चोटें आईं, जिन्हें तत्काल एनएचएआई की एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।अनुमंडल अस्पताल मोहनिया के चिकित्सक डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल छह लोगों को अस्पताल लाया गया था। सभी का प्राथमिक उपचार किया गया। दो घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें सीटी स्कैन के लिए सदर अस्पताल भभुआ रेफर किया गया है। वहीं चार अन्य घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। गनीमत रही कि बस में सवार अन्य यात्रियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

