धनबाद के बाघमारा स्थित बेनीडीह खदान क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में डोजर ऑपरेटर सोनू कुमार सिंह की मौत हो गई। मृतक गिरिडीह के रहने वाले थे और अंबे माइनिंग आउटसोर्सिंग कंपनी में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, सोनू अग्निप्रभावित क्षेत्र में डोजर चला रहे थे। इसी दौरान बारिश शुरू होने से जमीन धंसने लगी और डोजर फंस गया। बताया जा रहा है कि जान बचाने के लिए जैसे ही वह मशीन से उतरकर बाहर निकलने का प्रयास करने लगे, वे आग और

अत्यधिक तापमान की चपेट में आ गए, जिससे गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद खदानों में सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस और संबंधित अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया है, जबकि मजदूर संगठन मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

