झारखंड के जमशेदपुर से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। शहर के व्यस्त बिष्टुपुर स्थित टीएमएच गोलचक्कर के पास सोमवार दोपहर एक बाइक सवार युवक की दमकल वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक युवक अपनी बाइक से यूनाइटेड क्लब की ओर जा रहा था। इसी दौरान बिष्टुपुर की तरफ जा रहे एक दमकल वाहन और बाइक के बीच टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर दमकल वाहन के नीचे चली गई और युवक वाहन के पहिए की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय

लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को टाटा मेन हॉस्पिटल यानी टीएमएच पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने बाइक और दमकल वाहन को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं इस हादसे के बाद शहर के व्यस्त गोलचक्करों पर यातायात सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

