उत्तर प्रदेश के कानपुर में बीएड प्रवेश परीक्षा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। मैकरॉबर्टगंज स्थित प्रोफेसर एच.एन. मिश्रा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के पास नाले को ढकने वाला जर्जर कंक्रीट स्लैब अचानक धंस गया, जिससे करीब दो दर्जन अभ्यर्थी नाले में गिर गए। जानकारी के अनुसार परीक्षा शुरू होने से पहले कई अभ्यर्थी आधार कार्ड की फोटोकॉपी कराने के लिए पास की दुकान

पर गए थे। इसी दौरान अधिक भार पड़ने से स्लैब टूट गया और छात्र-छात्राएं नाले में जा गिरे। हादसे में चार अभ्यर्थी घायल हुए, जिनमें दो को हाथ और पैर में फ्रैक्चर होने की सूचना है। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सभी को बाहर निकाला। कपड़े साफ करने और बदलने के बाद प्रभावित अभ्यर्थियों ने परीक्षा भी दी। घटना के बाद अभिभावकों ने प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

