पाकुड़ पॉलिटेक्निक कॉलेज के विद्युत अभियंत्रण विभाग द्वारा बेसिक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग एवं वायरिंग कनेक्शन विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यपालक अभियंता शैलेन्द्र थे। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुषमा यादव के मार्गदर्शन में तथा विद्युत अभियंत्रण विभागाध्यक्ष आशीष कुमार के नेतृत्व में किया गया। विभाग के संकाय सदस्य प्रीति कुमारी एवं प्रणव कुमार डे ने कार्यशाला के विभिन्न तकनीकी एवं प्रायोगिक सत्रों का संचालन किया।कार्यशाला में पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों के साथ विभिन्न आईटीआई संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्युत अभियंत्रण के मूलभूत सिद्धांतों, सुरक्षा मानकों तथा औद्योगिक उपयोगिता से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था। कार्यशाला के दौरान विद्युत धारा, वोल्टेज, प्रतिरोध, शक्ति,

विद्युत परिपथ, विद्युत सुरक्षा, विद्युत प्रतीकों एवं सर्किट डायग्राम की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर, डीसी मोटर एवं इंडक्शन मोटर जैसी विद्युत मशीनों के कार्य सिद्धांत एवं उनके औद्योगिक उपयोगों पर भी चर्चा की गई।प्रतिभागियों को विद्युत शक्ति प्रणाली के अंतर्गत विद्युत उत्पादन, संचरण एवं वितरण की मूलभूत अवधारणाओं से अवगत कराया गया। साथ ही बेसिक इलेक्ट्रॉनिक्स के अंतर्गत रेसिस्टर, कैपेसिटर, डायोड, एलईडी एवं ट्रांजिस्टर जैसे प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक अवयवों की कार्यप्रणाली समझाई गई। व्यावहारिक सत्र में सीरीज एवं पैरेलल सर्किट कनेक्शन, घरेलू वायरिंग, स्विच, सॉकेट एवं बल्ब कनेक्शन, मोटर कनेक्शन, कंट्रोल पैनल वायरिंग तथा मल्टीमीटर के माध्यम से वोल्टेज, करंट, रेजिस्टेंस एवं कंटिन्यूटी परीक्षण का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों ने स्वयं इन प्रयोगों को करके महत्वपूर्ण व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। अंत में विभागाध्यक्ष आशीष कुमार ने मुख्य अतिथि, प्राचार्या, संकाय सदस्यों एवं सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापन किया।

