उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। कुशीनगर-लखनऊ हाईवे पर रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में ट्रक और डंपर की जोरदार टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। जानकारी के अनुसार, मक्का लदा ट्रक कुशीनगर से लखनऊ की ओर जा रहा था, तभी अजवनिया गांव के पास डस्ट लदा डंपर गलत दिशा से सामने आ गया और दोनों वाहनों में भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते आग भड़क उठी। हादसे में डंपर चालक और क्लीनर की जिंदा जलकर मौत हो गई, जिनका केवल कंकाल बचा है। वहीं ट्रक चालक

और खलासी किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, हालांकि वे गंभीर रूप से झुलस गए हैं। आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि दमकलकर्मियों को काफी देर तक पास जाने में मुश्किल हुई। मौके पर पांच फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद हाईवे पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

