बिहार में मौसम ने अचानक खतरनाक रूप ले लिया है। तेज आंधी, तूफान, भारी बारिश और पेड़-दीवार गिरने की घटनाओं ने कई जिलों में तबाही मचा दी है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अलग-अलग इलाकों में हुए हादसों में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरपुर में दो लोगों की जान गई है, जबकि पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण और मुंगेर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। मौसम की मार के बीच कई जगहों पर पेड़ गिरने और दीवार

ढहने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे लोगों में डर और अफरा-तफरी का माहौल है। इधर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों को जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

