बड़ी खबर देश के मौसम से जुड़ी है। इस समय उत्तर भारत के कई हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं, जहां तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश में तेज धूप और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इसी बीच नौतपा का असर भी जारी है, जिसे गर्मी का सबसे कठिन दौर माना जाता है। हालांकि, राहत की खबर यह है

कि मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में अगले चार दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। स्काईमेट वेदर के अनुसार 28 से 31 मई के बीच गरज-चमक, धूलभरी आंधी और बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं 30 और 31 मई को मौसम की गतिविधियां सबसे ज्यादा तेज रहने की संभावना जताई गई है। इस बदलाव से लोगों को तपती गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

