बिहार के बाढ़ जिले से एक दर्दनाक नाव हादसे की खबर सामने आई है। उमानाथ गंगा घाट पर सुबह-सुबह एक नाव गंगा नदी में पलट गई, जिसमें कुल 14 लोग सवार थे। यह सभी लोग दियारा इलाके की ओर जा रहे थे, तभी बीच नदी में नाव अचानक असंतुलित होकर डूब गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से अब तक 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 2 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं, बाकी 5 लोग अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया और SDO गरिमा लोहिया व SDPO रामकृष्ण मौके पर पहुंचकर राहत कार्य की निगरानी कर रहे हैं। गोताखोरों और स्थानीय टीमों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

