झारखंड के विभिन्न जिलों में गुरुवार को ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का त्योहार पूरे उत्साह और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और देश में अमन, शांति और भाईचारे की दुआ मांगी।राजधानी रांची के हरमू और डोरंडा ईदगाह में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। वहीं धनबाद, सरायकेला, साहिबगंज, गिरिडीह और

पतरातू सहित कई जिलों में भी बकरीद का पर्व पूरी श्रद्धा के साथ मनाया गया।त्योहार को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और हर जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई, जिससे कहीं से किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।कुल मिलाकर, झारखंड में बकरीद का त्योहार आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

