झारखंड में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बुधवार से राहत मिली है। मेदिनीनगर को छोड़कर राज्य के लगभग सभी जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, अगले 5 दिनों तक झारखंड में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, वज्रपात और बारिश की संभावना बनी हुई है। बुधवार को खूंटी में 30 मिमी, बोकारो में 16 मिमी, जमशेदपुर में 5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि रांची में हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं रांची का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 2.3 डिग्री की गिरावट दर्शाता है।

मेदिनीनगर अब भी सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, दो टर्फ सिस्टम सक्रिय हैं, जिनके कारण राज्य में नमी और दक्षिण-पूर्वी हवाएं बढ़ी हैं। इससे मौसम में बदलाव और राहत देखने को मिल रही है। 28 मई से 2 जून तक राज्य में कई स्थानों पर आंधी, बिजली गिरने और बारिश की संभावना है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

