जिला परिषद में कथित भ्रष्टाचार का मामला एक बार फिर गरमा गया है। जिला परिषद सदस्य और पूर्व भभुआ विधानसभा प्रत्याशी विकास सिंह उर्फ लल्लू पटेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा हमला बोला है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे नोटों के बंडल मामले और हाई मास्ट लाइट घोटाले की जांच की मांग की है। विकास सिंह ने कहा कि जिला परिषद में विकास कार्यों की प्रक्रिया में भारी अनियमितताएं हो रही हैं और इसमें कई स्तरों पर गड़बड़ी की आशंका है।

उन्होंने आरोप लगाया कि हाई मास्ट लाइट लगाने के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है और एक ही स्थान पर दो-दो लाइटें लगाई जा रही हैं। उन्होंने रामगढ़ से भभुआ तक सभी विकास कार्यों की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच कमेटी गठित कर दी गई है। विकास सिंह ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि जांच के बाद पूरा सच सामने आ जाएगा।

