हजारीबाग उपायुक्त हेमन्त सती ने बुधवार को नगर निगम क्षेत्र का मैराथन दौरा करते हुए कई महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उप विकास आयुक्त रिया सिंह भी मौजूद रहीं। निरीक्षण की शुरुआत नगर भवन से हुई, जहां उपायुक्त ने भवन की साज-सज्जा, बिजली व्यवस्था, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने छत पर जलजमाव और रिसाव की समस्या पर तुरंत समाधान करने को कहा। इसके बाद उन्होंने खीरगांव स्थित कम्युनिटी हॉल का निरीक्षण किया, जहां भवन के अनुपयोगी होने और अवैध कब्जे की स्थिति सामने आई।

उपायुक्त ने इसे रैन बसेरा या शेल्टर होम के रूप में उपयोग करने का निर्देश दिया। नए और पुराने बस स्टैंड के निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं, शौचालय और शेड निर्माण पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा पिछड़ा जाति बालिका आवासीय विद्यालय और गांधी मैदान का भी निरीक्षण किया गया। उपायुक्त ने सभी स्थलों पर जनहित से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने और शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

