बकरीद पर्व के मद्देनजर जिले में विधि व्यवस्था के सफल संधारण एवं आमजनों में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण कायम रखने को लेकर मंगलवार को उपायुक्त मेघा भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च सिदो कान्हू पार्क से प्रारंभ होकर अंबेडकर चौक तक निकाला गया। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में शहर के विभिन्न मार्गों से होकर मार्च किया गया। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर है। किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक सूचना फैलाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पर्व के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। उन्होंने लोगों से शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के वरीय पदाधिकारी एवं पुलिस बल के जवान उपस्थित थे।

