पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित बर्नपुर गुरुद्वारा स्कूल में कथित अनियमितताओं और अत्यधिक फीस वसूली को लेकर भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल स्कूल पहुंचा और प्रबंधन के खिलाफ जांच की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा माइनॉरिटी मोर्चा के नेता अनमोल सिंह और भाजपा आसनसोल दक्षिण मंडल-दो के अध्यक्ष रामानंद साह समेत कई कार्यकर्ता शामिल थे। नेताओं ने स्कूल प्रिंसिपल से मुलाकात कर अभिभावकों की शिकायतों पर चर्चा की। भाजपा नेताओं का आरोप है कि स्कूल में निर्धारित नियमों से अधिक

फीस वसूली की जा रही है। उनका कहना है कि जहां फीस करीब 240 रुपये होनी चाहिए, वहां छात्रों से 2500 रुपये तक लिए जा रहे हैं। साथ ही मिड-डे मील और अन्य सुविधाओं में भी अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। भाजपा ने स्कूल प्रबंधन समिति पर भी सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। नेताओं ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन में राजनीतिक हस्तक्षेप भी हो रहा है। भाजपा ने चेतावनी दी है कि यदि अभिभावकों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

