उत्तर प्रदेश के गोंडा में भीषण गर्मी का असर अब बिजली व्यवस्था पर भी देखने को मिल रहा है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण विद्युत उपकेंद्रों पर लगे ट्रांसफार्मर ओवरहीट होकर बंद हो रहे हैं, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है। हालात ऐसे हैं कि बिजली विभाग को ट्रांसफार्मरों को ठंडा करने के लिए उन पर पानी डालना पड़ रहा है। गोंडा के अंबेडकर चौराहे स्थित विद्युत उपकेंद्र पर पंखों और मोटर पंप की मदद से पाइप के जरिए ट्रांसफार्मरों पर लगातार पानी का

छिड़काव किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि जिले में तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिसकी वजह से ट्रांसफार्मर तेजी से गर्म हो रहे हैं। बिजली विभाग का कहना है कि आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए यह अस्थायी व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों को बिजली कटौती की परेशानी का सामना न करना पड़े।

