प्रयागराज समेत पांच जिलों में आयोजित SSC कांस्टेबल GD 2026 परीक्षा को तकनीकी कारणों से रद्द कर दिया गया, जिसके बाद प्रयागराज में अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। जानकारी के मुताबिक प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर और बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित परीक्षा केंद्रों की परीक्षा स्थगित की गई है। प्रयागराज के अंदावा स्थित परीक्षा केंद्र पर परीक्षा न हो पाने से नाराज छात्रों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र में कंप्यूटर, लैपटॉप, सीपीयू, कुर्सियों और अन्य फर्नीचर में तोड़फोड़ की। इसके बाद सड़क पर चक्का जाम कर प्रदर्शन

भी किया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। छात्रों का आरोप है कि केंद्र की क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों को बुलाया गया था। बताया गया कि जहां दूसरी पाली में 505 अभ्यर्थियों की क्षमता थी, वहां 1035 छात्रों को बुला लिया गया। वहीं तीसरी पाली में भी तय संख्या से दोगुने से ज्यादा परीक्षार्थियों को केंद्र आवंटित कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाकर जाम हटवाया। इस दौरान एक छात्र को लैपटॉप लेकर जाते हुए हिरासत में भी लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और परीक्षा रद्द होने को लेकर अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

