आदि कर्म योगी अभियान का हुआ समापन, 413 गांवों में योजनाओं की पहुंच से 18 हजार से अधिक जनजातीय हुए लाभांवित “सबसे दूर, सबसे पहले” के संकल्प के साथ चलाए गए आदि कर्म योगी अभियान का समापन हो गया। आईटीडीए पाकुड़ के तत्वाधान में आयोजित इस सात दिवसीय महाअभियान के दौरान जिले के 413 पीएम जनमन एवं DA-JGUA गांवों में शत प्रतिशत संतृप्ति लक्ष्य के साथ विशेष शिविर लगाए गए, जिनसे 18,369 से अधिक जनजातीय ग्रामीण सीधे लाभान्वित हुए। अभियान की शुरुआत 18 मई को कार्यशाला के साथ हुई थी, जिसके बाद 19 से 25

मई तक स्वास्थ्य शिविर, ग्राम भ्रमण, जनसुनवाई और शिकायत निवारण जैसे कार्यक्रम चलाए गए। अधिकारियों और आदि कर्मयोगियों की टीम ने गांव गांव पहुंचकर योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन किया। अब प्रत्येक गांव का ‘विलेज प्रोग्रेस कार्ड’ तैयार किया जा रहा है, जिसमें योजनाओं से वंचित परिवारों की पहचान कर उन्हें जल्द लाभ दिलाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन का दावा है कि इस अभियान से सुदूरवर्ती जनजातीय क्षेत्रों में विकास और जागरूकता को नई गति मिली है।

