हजारीबाग डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित एचडीसीए ऑल इंडिया फाइड रेटिंग क्लासिकल शतरंज प्रतियोगिता 2026 का भव्य समापन हुआ। नौ दिनों तक चले इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देशभर से 668 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का दूसरा चरण विशेष रूप से अंडर-1800 फाइड रेटिंग खिलाड़ियों के लिए आयोजित किया गया था।

प्रतियोगिता में झारखंड के अभिनव सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। उन्हें 50 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई। एआईएम मनदीप मुखी दूसरे और पश्चिम बंगाल के संजीब माली तीसरे स्थान पर रहे। विभिन्न आयु वर्ग और विशेष श्रेणियों में भी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि सुमन कुमार सिंह ने कहा कि इस प्रतियोगिता ने हजारीबाग को राष्ट्रीय शतरंज मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाई है। आयोजन समिति ने भविष्य में और बड़े स्तर पर प्रतियोगिताएं कराने की बात कही।

